जालंधर (सोनू): जालंधर के अर्बन एस्टेट फेस-1 की पड़ती लेबर कॉलोनी में दिवाली की रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय कुश के रूप में हुई है, जबकि उसका भाई निखिल गंभीर रूप से घायल हुआ। थाना 7 की पुलिस को पड़ोसियों ने घटना की जानकारी दी। थाना 7 के एस.एच.ओ. बलजिंदर ने बताया कि देर रात दो पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिससे कुश की मौत हो गई। निखिल ने पुलिस को बताया कि चाची और लड़के ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उन पर हमला किया।

इस घटना में कुश को छाती और पैर में चाकू मारा गया। निखिल भी घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुश को मृत घोषित किया, जबकि निखिल के सिर में चोटें आई हैं। इस मामले में 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह हमला पारिवारिक रंजिश के कारण हुआ।
निखिल ने बताया कि वे दिवाली की रात घर पर बैठे थे। तभी कुछ परिचित और अनजान लोग उनके घर आए और ईंट-पत्थरों से हमला किया। निखिल ने कहा कि पहले से किसी के साथ उनकी कोई दुश्मनी नहीं थी और हमलावर नशे में थे। उन्होंने बताया कि मीठा उर्फ़ कमल लाहौरिया और वीरू समेत 12-15 लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला किया। हमलावरों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। कुश ड्राइवर के रूप में काम करता था।




