चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच शनिवार को एक अहम राजनीतिक बैठक होने जा रही है। कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी तथा उनके समर्थक नेताओं से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में संगठन के भीतर चल रहे मतभेदों को दूर करने की कोशिश की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, चन्नी खेमे के नेता पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व और हालिया संगठनात्मक फैसलों को लेकर अपनी नाराजगी सीधे भूपेश बघेल के सामने रखेंगे। इस बैठक में कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे, जबकि वड़िंग को इस दौर की बातचीत से अलग रखा गया है।
पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ दिनों से संगठनात्मक नियुक्तियों और नेतृत्व को लेकर विवाद गहराया हुआ है। इससे पहले भी कई बैठकों में असंतुष्ट नेता शामिल नहीं हुए थे और उन्होंने पार्टी हाईकमान से फैसलों पर पुनर्विचार की मांग की थी। भूपेश बघेल लगातार नेताओं से बातचीत कर संगठन में एकजुटता बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस किसी भी तरह के आंतरिक विवाद को समाप्त करना चाहती है। ऐसे में शनिवार की यह बैठक पार्टी के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यदि बातचीत सकारात्मक रहती है तो पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही गुटबाजी कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।

