अमृतसर: पंजाब के अमृतसर जिले के गांव शहूरा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात देर रात उस समय हुई जब आरोपियों ने युवक को घर से बाहर बुलाया और कहासुनी के बाद उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। मृतक की पहचान गुरअवतार सिंह के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
परिजनों के अनुसार, गुरअवतार सिंह की गांव के ही कुछ लोगों के साथ लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि देर रात आरोपी मोटरसाइकिल पर उसके घर पहुंचे और उसे बाहर आने के लिए आवाज लगाई। जैसे ही वह घर से बाहर निकला, दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने पिस्तौल निकालकर उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी।
गोली लगने के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल गुरअवतार सिंह को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

