चंडीगढ़: पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री मावां धीआं सत्कार योजना’ के तहत महिलाओं के बैंक खातों में आर्थिक सहायता पहुंचने के साथ ही प्रदेशभर में खुशी का माहौल देखने को मिला। लाभार्थी महिलाओं के मोबाइल फोन पर जैसे ही राशि जमा होने का SMS अलर्ट आया, कई परिवारों में खुशी के भावुक पल देखने को मिले।
सरकार के अनुसार, योजना के पहले चरण में करीब 33 लाख महिलाओं के बैंक खातों में ₹1,147 करोड़ की राशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई है। योजना के लिए अब तक 66 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है और सत्यापन की प्रक्रिया लगातार जारी है।
लाभार्थियों ने बताया कि मोबाइल पर SMS आते ही उन्हें भरोसा हो गया कि सरकार द्वारा घोषित सहायता राशि उनके खाते में पहुंच चुकी है। कई महिलाओं ने कहा कि यह आर्थिक सहयोग घरेलू जरूरतों को पूरा करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। सोशल मीडिया पर भी महिलाओं ने SMS स्क्रीनशॉट और वीडियो साझा कर अपनी खुशी जाहिर की, जिससे यह योजना चर्चा का विषय बन गई।
मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें सम्मानजनक वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराना है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पात्र महिलाओं के खातों में आगे भी नियमित रूप से सहायता राशि DBT के माध्यम से भेजी जाती रहेगी।

