जालंधर: भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा को लेकर जालंधर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल चरम पर है। गुरुवार को शहर की सड़कों पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन और आयोजन समिति ने यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रथयात्रा का शुभारंभ कोट किशन चंद क्षेत्र से होगा। यात्रा के दौरान भगवान के सजे-धजे रथ के साथ भजन-कीर्तन, झांकियां और श्रद्धालुओं का विशाल जनसमूह पूरे मार्ग को भक्तिमय बना देगा। श्रद्धालु रथ खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे, जिसे सनातन परंपरा में अत्यंत शुभ माना जाता है।
यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से जगह-जगह स्वागत द्वार, पुष्प वर्षा और श्रद्धालुओं के लिए जलपान व सेवा शिविर लगाए जाएंगे। शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रहेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा, तीर्थ जगन्नाथ सेवा समिति की ओर से 24 जुलाई को भी शहर में एक और भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं।
भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक मानी जाती है। हर वर्ष इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हैं।


